Politics

लखमा का PM मोदी पर विवादित बयान, गरमाई छत्तीसगढ़ की राजनीति

Share

रायपुर : बिलासपुर में पूर्व मंत्री और बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के बताए रास्तों पर चलती है। वहीं भाजपा नाथूराम गोडसे के रास्ते पर चलने वाली पार्टी है। लखमा ने सकरी में राहुल गांधी की सभा से पहले बस्तर की तरह फिर दोहराया कि बिलासपुर की जनता तीन नंबर पर बटन दबाएगी तो देवेंद्र यादव जीतेगा और मोदी मरेगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि कम है। इससे एक चेपटी (शराब का पौवा) तक नहीं आती है। उन्होंने PM मोदी का नाम लिए बिना ये भी कहा कि सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाला नेता दाढ़ी वाला है।

कवासी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के पैसे से बस्तर के लोग चेपटी भी नहीं खरीद सकते हैं। वहीं लखमा ने मुख्यमंत्री साय पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ में शराब की कीमतें बढ़ा दी हैं। शराब महंगी हो गई है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने पर उन्होंने GST खत्म कर महंगाई कम करने का दावा किया। इसके साथ ही कहा कि महिलाओं को एक लाख रुपए सालाना मिलेगा, जिससे गुड़ाखू का खर्च पूरा होगा और चेपटी की जगह बोतल मिलेगी। कवासी लखमा ने PM नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना कहा कि हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाला नेता दाढ़ी वाला है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री और बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के बयान पर बेलतरा से BJP विधायक सुशांत शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कवासी लखमा कांग्रेस के अनपढ़ और गंवार नेताओं की श्रेणी में आते हैं। कांग्रेस महात्मा गांधी नहीं, बल्कि सोनिया, प्रियंका और राहुल गांधी की चरण वंदना करने वाली पार्टी है। कांग्रेस चाटुकारिता करने वाली पार्टी है। राहुल गांधी जैसे कवासी लखमा भी अनपढ़, गंवार श्रेणी के नेताओं में आते हैं। उन्होंने कहा कि मैं चुनौती देता हूं कि अगर माई के लाल में दम है तो छत्तीसगढ़ में नई शराब दुकान खोलकर दिखाएं। सीधे-सीधे जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button