
कोरबा। दर्री रेंज में भालू ने दो महिला सहित चार लोगों पर हमला कर दिया। एक को गम्भीर रूप से घायल कर दिया वही दूसरी महिला को मुंह में दबा कर जंगल में ले गया,जहाँ उसकी तलाश जारी है। नवा गाँव निवासी 58 वर्षीय पुनिया बाई और 55 वर्षीय लक्ष्मीनिया बाई गाँव से लगे झाबु जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। इस दौरान भालू ने हमला कर दिया।घायल पुनिया बाई के नाती बंधन यादव ने बताया की दोनों रोज लकड़ी लेने जंगल जाती है। उसे फोन से जानकारी मिली की पुनिया बाई और लक्ष्मीनिया दास के ऊपर भालू ने हमला कर दिया है। जब वो मौके पर पहुंचा तो पुनिया बाई खून से लथपथ पड़ी हुई थी। उसे खाट से उठा कर घर तक लाया गया। 112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले में भालू ने उसके चेहरे को नोंच डाला। डाक्टर ने उसकी गम्भीर हालत को देखते बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया। वही दूसरी महिला लक्ष्मीनिया की हसिया और खून के छीटें मिले हैं। इससे अंदाज लगाया जा रहा है कि भालू उसे मुंह में दबा कर ले गया होगा। घटना की सूचना पर पहुंचे वन विभाग की टीम और पुलिस के कर्मचारियों ने घटना क्रम की जानकारी ली और लापता महिला की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से भालू जंगल के आसपास लगे गांव में विचरण करते देखा गया है।

कोरबा। पसान रेंज में लोनर हाथी ने गुरुवार को फिर एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं एक अन्य महिला ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसा वनमंडल अंतर्गत पसान रेंज में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात दोनों महिला अपने खलिहान में धान की रखवाली करने के लिए सोई हुई थी। तभी अचानक हाथी पहुंचा और दोनों पर हमला दिया। इसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई और दूसरी महिला ने भागकर अपनी जान बचाई। आज सुबह जब महिला के परिजन खलिहान पहुंचे तो महिला मृत पड़ी मिली तथा हाथी आसपास घूम रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम घटना स्थल पहुंचकर हाथी को खदेड़ा। पंचनामे की कार्रवाई करने के बाद मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया और शव को परिजनों को सौंपा गया। वहीं वन विभाग ने वन्य प्राणी के हमले में मृत्यु पर दी जाने वाली सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। मृतका के परिजनों को कुल 6 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। बता दें कि लोनर हाथी पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की ओर से बार-बार मुनादी कराकर ग्रामीणों को रात में घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी जा रही है। बावजूद इसके ग्रामीण चेतावनी को नहीं मान रहे हैं और घरों से बाहर निकलकर वन्य प्राणियों के हमले का शिकार हो रहे हैं। पसान रेंज के तनेरा सर्किल के ग्राम बर्रा में लोनर हाथी ने दो दिन पहले एक वृद्ध को मौत के घाट उतार दिया था। जिले में पिछले चार दिनों के दौरान हाथियों के हमले में यह तीसरी मौत है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज मैं यहां आया हूं। रास्ते में मुझे जो दृश्य देखने को मिला वो इस बात को बताता है कि ममता बनर्जी के राज में बंगाल अराजकता और असहिष्णुता का पर्यायवाची बन चुका है। आज मैं यहां पहुंचा हूं तो मां दुर्गा के आशीर्वाद से पहुंचा हूं। बता दें कि नड्डा के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। दक्षिण 24 परगना में एक सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि मैं इसलिए सुरक्षित हूं क्योंकि मेरे पास बुलेट प्रूफ गाड़ी थी। वरना आज कोई ऐसी गाड़ी नहीं थी,जिस पर हमला न हुआ हो। इस गुंडाराज को खत्म करके प्रजातंत्र को यहां आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं और उनके गुंडों ने प्रजातंत्र का गला घोंटने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। ये अराजकता ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। ममता की सरकार यहां से जाने वाली है और बंगाल में कमल खिलने वाला है। गौरतलब है कि आज सुबह ही बंगाल बीजेपी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जेपी नड्डा की सुरक्षा की चिंता करते हुए चिट्ठी लिखी थी। पार्टी ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए थे। खबर आ रही हैं कि गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल पुलिस से बीजेपी के आरोपों पर जवाब मांगा है।
उन्होंने कहा कि बंगाल संस्कृतिए सभ्यता के लिए जाना जाता है लेकिन ममता बनर्जी ने जिस तरह का कृत्य किया है, जिस तरह से वो सरकार चला रही हैं। उन्होंने बंगाल को आज नीचे लाने का काम किया है। हमें बंगाल को फिर ऊपर उठाना है और सोनार बांग्ला बनाना है। बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारे ऊपर पथराव होने से हमें चोटे आईं। यह अराजकता की हद है। मैं बंगाल की जनता से पूछना चाहता हूं, क्या बंगाल में राजनितिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तरह से स्वागत किया जाता है। जनता इस दिशा में निर्णय करें कि बंगाल की संस्कृति का अपमान कब तक होने देंगे हम। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि आज का दिन भारतीय राजनीति के इतिहास में एक काला दिन है। पश्चिम बंगाल में मीडिया भी सुरक्षित नहीं है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं की जान पिछले कुछ सालों में पश्चिम बंगाल में गई हैं। हिंसा और हत्या का दौर लगातार जारी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर जिस तरह से पथराव किया गया है लोकतंत्र में इससे बड़ी हत्या कुछ नहीं हो सकती। बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने डायमंड हार्बर में एक सड़क को अवरुद्ध करने का प्रयास किया, जहां से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का काफिला गुजर रहा था। प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर भी पथराव किया।

कोरिया। जिला के सोनहत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगावाही में जंगली भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इससे 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 3 गंभीर रूप से घायल हो गए है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 1 की मौत हो गई। बता दें कि रविवार की शाम सोनहत क्षेत्र में पंडो बाहुल्य ग्राम अंगावाही में जंगली भालू ने जंगल गए ग्रामीणों पर हमला कर दिया था। हमले में 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। मृतकों में राजकुमारी उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम अगवाही, जोरिया भाई उम्र 60 वर्ष निवासी अंगवाही, फूल साय उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम मंगवा, शिव बचन उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम फुसला शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग ने रविवार को जंगली भालू के हमले का रेस्क्यू कार्य चलाया गया। इसमें चार शव बरामद किए गए। वहीं वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति की जान बचाई। इस दौरान विधायक गुलाब कमरो, कलेकटर एसएन राठौर, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह, डीएफओ एवं अखिलेश मिश्रा वन अमला उपस्थित रहे।

जांजगीर-चांपा। पूछताछ के लिए गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। दरअसल थाना मूलमुला के प्रधान आरक्षक भोलेनाथ तिवारी अपने स्टॉफ के साथ अपराध की विवेचना करने ग्राम नरियारा गए थे। यहां पूछताछ के दौरान आरोपी गोलू टंडन, आकाश टंडन उसकी मां और बहन और उनके साथियों ने पुलिस की विवेचना में बाधा डाली। पुलिस टीम के साथ अभद्र शब्दों का इस्तेमा किया। आरोपियों ने कहा तुम पुलिस वाले बेवजह परेशान करते हो। आरोपियों ने पूलिस टीम पर हमला किया। इससे प्रधान आरक्षक भोलेनाथ तिवारी और आरक्षक को गंभीर चोट आई है। मामले में प्रधान आरक्षक भोलेनाथ तिवारी की रिपोर्ट पर थाना मूलमुला में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

गुंडरदेही। जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना ब्लॉक मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर ग्राम कचंदूर की है। यहां चचेरे बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जयप्रकाश साहू उम्र 35 वर्ष ने थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 नवंबर को वो खेत में फसल की कटाई करवा रहा था उसी समय चचेरा भाई राजेन्द्र कुमार साहू पीछे तरफ से आकर जमीन संबंधी विवाद की बात को लेकर धारदार टंगिया से हमला कर दिया और भाग गया। रिपोर्ट पर अपराध धारा 324 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपी राजेन्द्र कुमार साहू उम्र 39 वर्ष गिरफ्तार किया गया।

रायपुर/मुंबई। ड्रग पैडलर के घर पर छापा मारने पहुंची नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम पर सोमवार को गोरेगांव क्षेत्र में 50-60 लोगों ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 3 अफसर घायल हो गए हैं। वहीं एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े भी घायल हो गए हैं। बता दें कि एनसीबी की टीम ड्रग पैडलर कैरी मैंडिस को पकड़ने गई थी। टीम ने जैसे ही छापा मारा, कैरी के साथियों ने उन पर पत्थर और डंडे से हमला कर दिया। फिलहाल एनसीबी की टीम ने मौके से विपुल आगरे, यूसुफ शेख और अमीन अब्दुल को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में ड्रग्स भी जब्त किया है। हमले के बाद मुंबई पुलिस की कई टीमें क्षेत्र में छापामारी कर रही है।

रायपुर। महिला मित्र के साथ घूम रहे युवक पर बदमाशों ने शुक्रवार शाम लूट का प्रयास करते हुए चाकू से हमला कर दिया। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत वॉलफोर्ट सिटी का हैै।भाटगांव स्तिथ वॉलफोर्ट सिटी के पीछे सुनील साहू अपनी महिला मित्र के साथ मोटरसाइकिल से घूमने पहुंचा था। इसके बाद अचानक 4 अज्ञात बदमाश वहां आए और उनसे पैसे मांगने लगे और पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने उसके फोन लूट लिए और सुनील पर चाकू से हमला कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुनील के छोटे भाई अनिल साहू मौके पर पहुंच उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से मेकाहारा में भर्ती करवाया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर महाराष्ट्र सरकार व कांग्रेस पर हमला बोला हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां भी सत्ता में होती हैं या सत्ता में भागीदार होती हैं सबसे पहले पत्रकार और पत्रकारिता पर हमला करवाती हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांकेर में पत्रकार के साथ मारपीट की घटना हो, कवर्धा की घटना हो या लगातार मीडिया पर प्रेस पर दबाव की बात या फिर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले पत्रकार के तबादले की बात हो या महाराष्ट्र में पत्रकार की गिरफ्तारी हो, अर्णव गोस्वमी की गिरफ्तारी या रिपब्लिक के खिलाफ कार्रवाही कांग्रेस के आपातकाल से कम नहीं है बल्कि अघोषित आपातकाल ही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि पूरा देश देख रहा है महाराष्ट्र में कांग्रेस की गठबंधन सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का गला घोंट रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी लोकतंत्र को कुचला जा रहा हैं यही कांग्रेस का असली चेहरा और चरित्र हैं।

रायपुर/मरवाही। विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी का सघन जनसंपर्क के माध्यम से प्रचार अभियान तेज़ होता जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मरवाही विधानसभा क्षेत्र के अनेक गाँवों में बुधवार को जनचौपाल रखकर भाजपा प्रत्याशी डॉ. गम्भीर सिंह के पक्ष में वोट मांगा। रायगढ़ की भाजपा संसद सदस्य गोमती साय भी घर-घर, गाँव-गाँव पहुँचकर जनसम्पर्क, जनचौपाल में शिरक़त कर रही हैं। उनके अलावा भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व संसद सदस्य (राज्यसभा) रामविचार नेताम, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, पूर्व मंत्री केदार कश्यप समेत अनेक नेता धुआँधार दौरा कर पार्टी के पक्ष में वातावरण बना रहे हैं। बुधवार को संसद सदस्य साय ने पेण्ड्रा मण्डल के विभिन्न गाँवों में भाजपा के पक्ष में प्रचार में हिस्सा लिया और कहा कि भाजपा प्रत्याशी डॉ.गम्भीर सिंह मरवाही के स्थानीय प्रत्याशी हैं। हमारे आदिवासी समाज का गौरव हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बलौदा के रहने वाले हैं। कांग्रेस ने मरवाही के आदिवासी समाज का अपमान किया है, धोखा दिया है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विधायक शिवरतन शर्मा ने जनचौपाल में कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता में आई है, जबकि भाजपा ने गाँव-गाँव, घर-घर जनोपयोगी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों को लाभ पहुँचाया है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भाजपा शासनकाल में शुरू की गई और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया है, जिसके कारण आमजनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ही समस्याओं की जननी है, गरीबों व आदिवासियों का शोषण करने वाली है।
भाजपा अजजा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व संसद सदस्य (राज्यसभा) नेताम ने दक्षिण मण्डल के गाँवों में जनसम्पर्क और जनचौपाल में हिस्सा लिया और कहा कि भाजपा ने हमेशा आदिवासी समाज का सम्मान किया है। भाजपा ने आदिवास समाज के लिए अनेक योजनाएं बनाकर उन्नति का द्वार खोला है, पर कांग्रेस ने आदिवासी समाज के साथ हमेशा छल किया है। कांग्रेस गरीबों को गरीब रखना चाहती है। नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि भूपेश सरकार किसान विरोधी सरकार है। प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। कांग्रेस ने किसानों को धोखा दिया है। न धान की कीमत देती है, न खरीदी की तारीख तय करती है। कांग्रेस को सबक सिखाना आवश्यक है। भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक नारायण चन्देल ने पेण्ड्रा मण्डल के विभिन्न गाँवों में दौरा किया व जनचौपाल में कहा कि कांग्रेस की हार तय है। जनता के सामने कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। रायपुर शहर ज़िला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को अराजक स्थिति में पहुँचा दिया है। न सड़क है, न बिजली। सभी क्षेत्रों में सरकार विफल है।

रायपुर। शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। मामूली विवाद में हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक को गंभीर चोट आई है। उसे जाँच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आमानाका थाना क्षेत्र में गाली गलौज करने से मना करने पर शराबियों के बीच विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने गुस्से में आकर दूसरे युवक पर चाकू से वार कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम परमानंद साहू है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ धारा 307 हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है।
आमानाका थाना प्रभारी भरत बरेठ ने बताया कि बीती रात कोटा निवासी चिंटू सोना और कबीर नगर निवासी परमानंद साहू महोबाबाजार स्थित देसी शराब दुकान में शराब पीने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी परमानंद साहू ने चिंटू सोना पर चाकू से वार कर दिया, जिससे प्रार्थी को चोटे आई है। घटना के कुछ देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।